दिल्ली-NCR में मॉनसून की दस्तक, सुबह से जोरदार बारिश का दौर
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मॉनसून ने अपने निर्धारित समय (30 जून) से पहले ही दस्तक दे दी थी, लेकिन अब तक संतोषजनक बारिश नहीं हुई थी। हालांकि, आज (7 जुलाई) सुबह से हुई तेज बारिश के बाद ऐसा लग रहा है कि अब दिल्ली-एनसीआर में मॉनसूनी वर्षा का सिलसिला शुरू हो गया है।
सुबह करीब 5 बजे से ही आसमान में बादलों की गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ देर हल्की बूंदाबांदी के बाद करीब 5:30 बजे तेज बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर आंधी और हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, जिसके कारण ऑफिस जाने वालों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में भी बारिश जारी रह सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता कम हो सकती है।
देश के अन्य हिस्सों में मॉनसून का कहर जारी
जहां दिल्ली-एनसीआर में अब मॉनसूनी बारिश शुरू हुई है, वहीं देश के अन्य हिस्सों में भारी वर्षा और भूस्खलन से तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लैंडस्लाइड के कारण सड़कें बंद हो गई हैं और कई घरों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, मैदानी इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।