
PM मोदी ने बाबासाहेब अंबेडकर को जयंती पर दी श्रद्धांजलि, कहा- “सामाजिक न्याय के लिए प्रेरित करते हैं उनके विचार”
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (सोमवार) भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि बाबासाहेब के विचार और आदर्श सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी विकास के लिए देश को प्रेरित करते हैं।
“अंबेडकर के सिद्धांत आत्मनिर्भर भारत की नींव” – PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा, “भारत रत्न पूज्य बाबासाहेब को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनकी प्रेरणा से देश सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने में जुटा है। उनके सिद्धांत आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के निर्माण में मजबूती प्रदान करते हैं।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अखिलेश यादव ने भी दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बाबासाहेब को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को न्याय, समानता और बंधुत्व पर आधारित संविधान दिया, जो सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा हथियार है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर बाबासाहेब अंबेडकर को नमन किया और कहा कि “संविधान ही हमारी संजीवनी और ढाल है। इसे बचाने के लिए हमें एकजुट होना होगा।”
डॉ. अंबेडकर की विरासत: सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्य
डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को लोकतंत्र, समानता और अधिकार की नींव दी। उनके 135वीं जयंती पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहाँ उनके योगदान को याद किया गया।